फेसबुक पर 3डी मूर्ति बेचने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला शातिर ठग राहुल शर्मा गिरफ्तार
जयपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘म्यूल हंटर’ के तहत शिप्रापथ थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फेसबुक और व्हाट्सऐप के जरिए 3डी मूर्ति बनाने और बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले राहुल शर्मा (21) , निवासी लोहरवाड़ा जिला सवाई माधोपुर हाल महारानी फार्म जयपुर को गिरफ्तार किया है और साथ ही उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ करने में जुटी है।
शिप्रापथ थानाधिकारी हितेश शर्मा ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। उसने फेसबुक और व्हाट्सऐप पर 3डी मूर्ति बनाने के आकर्षक विज्ञापन डाल रखे थे। मूर्ति खरीदने के इच्छुक लोग जब उससे संपर्क करते तो आरोपी एडवांस भुगतान के नाम पर अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर रकम ट्रांसफर करवा लेता था। वहीं ठगी की रकम को आरोपी और उसके गिरोह के सदस्य स्थानीय दुकानदारों के क्यूआर कोड पर डलवाते थे। इसके बाद दुकानदारों से रकम नकद ले ली जाती थी। इस तरीके से ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर कर उसका इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर की राष्ट्रीय साइबर पुलिस पोर्टल पर जांच की तो देश के विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ कई साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिलीं। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी साइबर फ्रॉड के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों तथा साइबर ठगी से जुड़े अन्य नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

