home page

जयपुर में फर्जी कॉल सेंटर पर सीएसटी का छापा

 | 
जयपुर में फर्जी कॉल सेंटर पर सीएसटी का छापा


जयपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। राजधानी जयपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीएसटी ने जवाहर नगर थाना क्षेत्र की सिंधी कॉलोनी स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान कॉल सेंटर संचालक सलमान सहित 11 युवक-युवतियां मौके पर मिले। पुलिस ने वहां से 15 कंप्यूटर, दो लैपटॉप और नौ मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि रॉयल अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर संचालित इस कॉल सेंटर के जरिए राजस्थान सहित अन्य राज्यों के लोगों को ई-मित्र आईडी और ई-मित्र से जुड़ी सेवाओं के नाम पर रोजगार दिलाने का झांसा देकर ठगी की जा रही थी।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने प्रत्येक व्यक्ति से 40 हजार से 70 हजार रुपये तक वसूले, लेकिन न तो रोजगार उपलब्ध कराया और न ही वादा की गई सेवाएं दीं। जांच में यह भी सामने आया है कि कॉल सेंटर पिछले दो से तीन वर्षों से संचालित हो रहा था।

पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रही है। साथ ही आर्थिक लेन-देन, पीड़ितों की संख्या और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश