home page

जयपुर में सीएसटी की कार्रवाई: 11 किलो गांजा और 7 पेटी अवैध शराब बरामद

 | 
जयपुर में सीएसटी की कार्रवाई: 11 किलो गांजा और 7 पेटी अवैध शराब बरामद


जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर पुलिस की अपराध शाखा की सीएसटी टीम ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत डॉग स्क्वायड के साथ शहर में करीब 50 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर 11 किलो गांजा और सात पेटी अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान गांजा तस्करी के आरोपित को पकड़ा गया, जबकि चुनाव में वितरण के लिए ले जाई जा रही शराब के मामले में चालक को दस्तयाब कर टाटा हैरियर कार जब्त की गई। विद्याधर नगर क्षेत्र में गांजे की 40 पुड़िया भी बरामद की गईं।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।

स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि एनडीपीएस यूनिट से मिली सूचना के आधार पर प्रताप नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां शाहनवाज (23) पुत्र मोहम्मद कैयूम के कब्जे से 11 किलो गांजा बरामद किया गया। आरोपित मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले में भगवानपुर स्थित निजाम चौक का निवासी है और वर्तमान में प्रताप नगर स्थित ओम शिव रेजीडेंसी में रह रहा था।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित बिहार से गांजा लाकर जयपुर में स्थानीय नशा तस्करों के माध्यम से युवाओं तक पहुंचाता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। आरोपित और गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए प्रताप नगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई बगरू क्षेत्र में की गई। यहां टाटा हैरियर कार से पांच पेटी अंग्रेजी शराब और दो पेटी देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में शराब चुनाव में वितरण के लिए ले जाने की बात सामने आई। पुलिस ने कार जब्त कर चालक ललित चौधरी (33) पुत्र हनुमान चौधरी निवासी गंगाती कला, थाना मौजमाबाद, जयपुर ग्रामीण को दस्तयाब किया। चालक, शराब और वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए बगरू थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।

इधर सीएसटी टीम ने विद्याधर नगर क्षेत्र में भी कार्रवाई कर पिंटू (40), निवासी बापू नगर जेडीए कच्ची बस्ती, मंदिर मोड़ के कब्जे से गांजे की 40 पुड़िया बरामद कीं। पुलिस के अनुसार, आरोपित महिला है और उसे जब्त सामग्री सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए विद्याधर नगर थाना पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश