आर्म्स एक्ट मामले में सीएसटी का हैड कांस्टेबल गिरफ्तार: तीन अन्य आरोपित भी पकड़े
जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के एक मामले की जांच के दौरान सीएसटी के हैड कांस्टेबल रोहिताश की संदिग्ध भूमिका सामने आने पर एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस प्रकरण में फुरकान, अभिषेक और मनीष को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा के अनुसार आर्म्स एक्ट की धारा के तहत दर्ज मामले की जांच में सामने आया कि अभिषेक, मनीष मीणा और मृदुल सोनी की हैड कांस्टेबल रोहिताश से करीब दो साल से जान-पहचान थी। जांच में यह भी पता चला कि अभिषेक के पास पिछले चार-पांच साल से एक पिस्टल और दो कारतूस थे। आरोप है कि रोहिताश करीब एक माह पहले अभिषेक से और आठ-दस दिन पहले मनीष से एक-एक पिस्टल लेकर गया था।
पुलिस के अनुसार करीब सात-आठ दिन पहले अभिषेक, मनीष और रोहिताश के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद रोहिताश की ओर से पुलिस को सूचना देने और उसके आधार पर कार्रवाई होने की बात सामने आई है। मामले में तथ्यों को छिपाने, जांच को प्रभावित करने और संदिग्ध व्यक्तियों से अनुचित संबंधों की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि मृदुल सोनी की भूमिका प्रथम दृष्टया स्पष्ट नहीं है और उसे मामले में फंसाए जाने की आशंका से जुड़े तथ्यों की भी जांच होगी। पिस्टल लेकर आने वाले फरहान की भूमिका का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर हैड कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

