सीवान में दिनदहाड़े गोली मार 5 लाख की लूट, सीएसपीस चालक की हालत गंभीर
सीवान, 20 मार्च (हि.स.)। सीवान शहर से सटे सराय थाना क्षेत्र एक बार फिर अपराधियों के हौसले के आगे बेबस नजर आया, जहां शुक्रवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े सीएसपी चालक को गोली मारकर करीब पांच लाख रुपये लूट लिए। वारदात बभनौली गांव के रकीसहा पोखरा के समीप उस वक्त हुई जब पूरा इलाका सुनसान था।
घायल कल्याणपुर निवासी अशोक पटेल है, जो एक्सिस बैंक का सीएसपी संचालक है। जानकारी के अनुसार, वह बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से पीछा कर रहे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला करते हुए गोली मार दी। इसके बाद रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अशोक पटेल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ अजय कुमार सिंह और विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित का हाल जाना।
पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

