home page

सी.एस.पी. संचालक लूटकांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार

 | 
सी.एस.पी. संचालक लूटकांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार


सीवान, 20 अप्रैल (हि.स.)।

सीवान जिले के जीबी नगर थाने के भेलूपुर गांव के समीप 15 अप्रैल को सीएसपी संचालक विकास कुमार सिंह से अपराधियों द्वारा लूटे गए 9लाख 47 हजार घटना का उद्भेदन कर लिया है।

पुलिस ने घटना में संलिप्त तीन अपराधियों को एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस, लूट की नगद राशि 1,09,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद किया है ।एसपी पुरन कुमार झा ने प्रेस वार्ता में जी.बी. नगर थाना क्षेत्र में हुए सी.एस.पी. संचालक लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए पूरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और लूट की गई राशि सहित हथियार व अन्य सामान बरामद किए गए हैं। एसपी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को जी.बी. नगर थाना क्षेत्र के भेलूपुर गांव के समीप सी.एस.पी. संचालक विकास कुमार सिंह उर्फ सिक्कू सिंह से मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था।

घटना के बाद पीड़ित के लिखित आवेदन पर थाना में कांड दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले जीबी नगर थाने के बहादुरपुर उसरी निवासी राजेंद्र मांझी के पुत्र प्रेम कुमार को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में उसकी निशानदेही पर अन्य दो अभियुक्त जीबी नगर थाने के चौकी हसन निवासी दशरथ यादव के पुत्र आयुष कुमार एवं जगदीश सिंह के पुत्र धर्मेंद्र कुमार उर्फ बाबा को भी गिरफ्तार किया गया।एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस, लूट की नगद राशि 1,09,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अब इस कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में जी.बी. नगर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में पुअनि दुर्गा कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी और जिला आसूचना इकाई के सदस्य शामिल थे।एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और इस तरह के मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma