home page

तखतपुर नगर के काली मंदिर से दानपेटी में रखी नकदी व साेने चांदी के आभूषण चाेरी, पुलिस जांच में जुटी

 | 
तखतपुर नगर के काली मंदिर से दानपेटी में रखी नकदी व साेने चांदी के आभूषण चाेरी, पुलिस जांच में जुटी


बिलासपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। जिले के तखतपुर नगर के कालीबाड़ी स्थित काली मंदिर में बीती रात चोरों ने धावा बोलकर दानपेटी में रखी नगदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पुलिस संदिग्धाें की पहचान में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोर मंदिर के पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने मंदिर में रखी दानपेटी को निशाना बनाया और उसमें रखी नगदी निकाल ली। चोर मंदिर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी अपने साथ ले गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरी हुए नगदी और जेवरात की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ करने का भी प्रयास किया। हालांकि, इसके बावजूद दो संदिग्ध कैमरे में कैद हो गए। फुटेज के आधार पर पुलिस अब आरोपिताें की पहचान करने में जुटी हुई है।

मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस मंदिर के अलावा आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनका पता लगाया जा सके।

थाना प्रभारी ने बताया कि चोरों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपिताें को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल