यमुनानगर:स्टोन क्रेशर विवाद में बंधक बनाकर मारपीट, दूसरी ओर ब्लैकमेलिंग के आरोप
यमुनानगर, 02 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले के बेलगढ़ क्षेत्र स्थित एक स्टोन क्रेशर प्लांट पर दो युवकों के साथ कथित मारपीट, बंधक बनाए जाने और जातिसूचक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्लांट संचालक अमित गुर्जर के खिलाफ विभिन्न धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर प्लांट संचालक ने भी दोनों युवकों पर अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
कथित पत्रकार भरत बेनिवाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर वह अपने साथी संजय के साथ क्षेत्र में कवरेज के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और संजय के साथ डंडों व लोहे की रॉड से मारपीट की। शिकायत के अनुसार दोनों को जबरन एक कमरे में बंद कर करीब डेढ़ घंटे तक रोके रखा गया। इस दौरान संजय से उसकी जाति पूछकर अपमानजनक शब्द कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद दोनों को बाहर निकाला गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि हमलावरों ने चेहरे ढके हुए थे, हालांकि उसने उनमें से एक की पहचान अमित गुर्जर के रूप में की है। घायल संजय का मेडिकल करवाया गया है। दूसरी ओर अमित गुर्जर ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि प्लांट बंद होने के बावजूद संजय वहां पहुंचा और मुंशी पर कथित तौर पर पैसे देने का दबाव बनाते हुए ब्लैकमेलिंग का प्रयास किया। कहासुनी के दौरान हाथापाई हुई, जिसमें मुंशी को चोट लगी। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बुडिया थाना एसएचओ गुरदयाल सिंह ने बताया कि कोलिवाला गांव स्थित शिव शक्ति स्टोन क्रेशर पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ है। एक पक्ष की शिकायत पर मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से ब्लैकमेलिंग की शिकायत की जांच की जा रही है। मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

