home page

यमुनानगर: बेलगढ़ प्रकरण में प्रशासन के हस्तक्षेप से भूख हड़ताल समाप्त, निष्पक्ष जांच का आश्वासन

 | 
यमुनानगर: बेलगढ़ प्रकरण में प्रशासन के हस्तक्षेप से भूख हड़ताल समाप्त, निष्पक्ष जांच का आश्वासन


यमुनानगर, 30 मार्च (हि.स.)।यमुनानगर के बेलगढ़ क्षेत्र में स्टोन क्रशर प्लांट से जुड़े मारपीट और बंधक बनाने के मामले को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन सोमवार को प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया।

जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अनशन पर बैठे लोगों को आश्वासन दिया, जिसके बाद भूख हड़ताल खत्म कर दी गई। अनाज मंडी जगाधरी के सामने कई दिनों से धरने पर बैठे संजय और भरत बेनीवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अनशन समाप्त किया।

इस दौरान पीड़ित पक्ष और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जो आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उपायुक्त प्रीति ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर कहा कि प्रशासन पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने पुलिस को निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने भी भरोसा दिलाया कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

यह मामला एक मार्च को बेलगढ़ क्षेत्र में स्थित एक स्टोन क्रेशर प्लांट पर हुई घटना के बाद सामने आया था।

शिकायत के अनुसार, दो युवकों के साथ मारपीट की गई और उन्हें कुछ समय के लिए बंधक बनाकर रखा गया। साथ ही उनके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप भी लगाए गए। घटना के बाद मामला दर्ज किया गया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। 16 मार्च से धरना जारी था, जो बाद में भूख हड़ताल में बदल गया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद फिलहाल स्थिति सामान्य हो गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार