यमुनानगर: क्रशर प्लांट पर युवकों को बंधक बनाकर पिटाई के विरोध में धरना, गिरफ्तारी की मांग तेज
यमुनानगर, 16 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले के बेलगढ़ क्षेत्र में स्टोन क्रशर प्लांट पर दो युवकों के साथ कथित मारपीट, बंधक बनाने और जातिसूचक टिप्पणी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में सोमवार को दलित समाज के लोग और भीम आर्मी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में लघु सचिवालय के बाहर एकत्र होकर धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक मामले में नामजद और अन्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो विरोध प्रदर्शन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। बताया गया है कि बेलगढ़ क्षेत्र में स्थित एक स्टोन क्रेशर प्लांट पर भरत बेनिवाल और उनके साथी संजय के साथ मारपीट और बंधक बनाने की घटना सामने आई थी। शिकायत के अनुसार, एक मार्च को भरत बेनिवाल अपने साथी संजय के साथ बेलगढ़ क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की ओर से हो रहे अवैध खनन की सूचना मिलने पर बाइक से वहां पहुंचे थे।
आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और संजय के साथ डंडों से मारपीट की। इसके बाद दोनों को जबरन एक कमरे में बंद कर दिया गया और करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान संजय के साथ डंडों और लोहे की रॉड से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान एक व्यक्ति ने उनकी जाति पूछकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमित गुर्जर सहित अन्य के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी कारण समाज के लोगों में रोष बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। संजय ने कहा कि यह केवल दो व्यक्तियों का मामला नहीं बल्कि पूरे समाज के सम्मान से जुड़ा विषय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

