नाहन में पक्का टैंक में मामूली कहासुनी बनी हिंसक झड़प, स्कूल के गेट के शीशे तोड़े; दो पक्षों में क्रॉस एफआईआर
नाहन, 02 सितंबर (हि.स.)। शहर के पक्का टैंक स्थित गुन्नूघाट क्षेत्र में एक निजी प्राथमिक स्कूल के वैन चालक और पड़ोस में रहने वाले परिवार के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और स्कूल परिसर में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस थाना नाहन ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुंदर बाग कॉलोनी निवासी और ‘किड्स प्राइमरी एकेडमी के संचालक अभिषेक बक्शी ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि बीते कल जब स्कूल वैन बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी, जब वैन पक्का टैंक के समीप पहुंची, तो पड़ोस में रहने वाले मुकुल शर्मा, उनके बेटे यश शर्मा, पत्नी और बेटी ने रास्ते में वैन को रोक लिया। उन्होंने वैन चालक से बहस शुरू कर दी और गली से बच्चों को लाने-ले जाने पर रास्ता बंद करने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार बहस के बाद आरोपी पक्ष जबरन स्कूल परिसर में घुस आया। उन्होंने वहां मौजूद महिला स्टाफ और संचालक के परिजनों के साथ मारपीट व हाथापाई की। इस दौरान उग्र होकर पत्थरों से हमला कर दिया गया, जिससे स्कूल के मुख्य गेटों पर लगे शीशे टूट गए।
दूसरी ओर गुन्नूघाट (पक्का टैंक) निवासी यश शर्मा की शिकायत पर भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यश शर्मा के अनुसार 1 सितंबर की सुबह वह अपनी स्कूटी से काम पर जा रहे थे। घर के पास स्थित रास्ते की चढ़ाई पर बच्चे आ रहे थे और स्कूल की वैन (नंबर HP 71A-8750) सामने खड़ी थी। यश शर्मा का कहना है कि स्कूटी से उतरते समय अचानक एक बच्चा उनके सामने आ गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह नीचे गिर गए। आरोप है कि इसके बाद वैन चालक ने उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के तुरंत बाद सोनू, मोनिका और उनके ससुर भी मौके पर पहुंचे तथा यश शर्मा को घेरकर गाली-गलौज की व धमकी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना नाहन की टीम ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के कारणों, मौके पर हुई तोड़फोड़ और मारपीट के साक्ष्यों की जांच की जा रही है। नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

