शेयर मार्केट के नाम पर करोड़ों की ठगी, आरोपित इंदौर से गिरफ्तार
धमतरी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। शेयर मार्केट में मुनाफा दिखाकर पांच से सात प्रतिशत ब्याज का लालच देकर न्यायाधीश, डाक्टर, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, पूर्व सैनिक, सेवानिवृत्त शिक्षक समेत कई आम लोगों को बेवकूफ बनाकर करोड़ों रुपये ठगने वाले आरोपित युवक को धमतरी पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपित न सिर्फ धमतरी जिले के लोगों को ठगा है बल्कि पांच अन्य जिले के लोगों को भी अपने जाल में फंसाया है। ग्राहक लाने पर बकायदा कमीशन देकर चैन सिस्टम से लोगों को झांसा देकर अपने जाल में फंसाया है। इसके झांसे में आकर कई लोग फंसे और अपना करोड़ों रुपये गंवा लिया है।
सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टरेट रोड स्थित वेल्थ ट्रैकर के नाम से शेयर बाजार में राशि इन्वेस्ट के नाम पर सालों से धमतरी निवासी विक्रम शाह आफिस संचालित कर रहा था। उसके पास धमतरी, कोंडागांव, रायपुर, बालोद सहित पांच जिलों के लोगों ने करोड़ों रुपये जमा किया था, जिसमें न्यायाधीश, डाक्टर, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, पूर्व सैनिक, सेवानिवृत्त शिक्षक समेत कई अन्य लोग शामिल है। रुपये जमा करने वाले इन लोगों को शुरूआत में लालच के अनुसार पांच से सात प्रतिशत ब्याज विक्रम शाह दे भी रहा था। ऐसे में कई लोगों ने करोड़ों रुपये जमा किया था, इस बीच अचानक वर्ष 2026 में विक्रम शाह ने रुपये जमा करने वाले लोगों को जानकारी दी कि उसका बैंक अकांउट सीज हो गया है और रुपये जाम हो गया है। इसके बाद से रुपये जमा करने वाले लोगों को रुपये मिलना बंद हो गया। इसके बाद से रुपये जमा करने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई। इस बीच विक्रम शाह रुपये वापस करने की बात कहता रहा, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उसने रुपये वापस नहीं किया, तो लोगों का विश्वास घटने लगा और इसकी शिकायत लोगों ने सबसे पहले गुरूर थाना में की। वहीं धमतरी शहर व आसपास के लोगों ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर करोड़ों रुपये ठगी होने का शिकायत एसपी कार्यालय में किया। रुपये जमा करने वाले लोगों की रिपोर्ट पर पुलिस ने विक्रम शाह के खिलाफ जुर्म दर्ज कर पतासाजी में जुटी हुई थी। थाना में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपित विक्रम शाह फरार हो गए और पुलिस उसे ढूंढने में जुटी हुई थी।
लोकेशन मिलते ही पकड़ाया आरोपित
इस बीच आरोपित विक्रम शाह का लोकेशन पुलिस को इंदौर में मिला। सिटी कोतवाली और साइबर की टीम उसे पकड़ने इंदौर पहुंच गए। यहां घेराबंदी कर आरोपित विक्रम शाह को पुलिस ने पकड़ी और 30 अक्टूबर को सिटी कोतवाली धमतरी लेकर पुलिस पहुंची। इसके गिरफ्तार होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पीड़ित कोतवाली पहुंचे। यहां पहुंचे लोगों ने बताया कि किसी के 60 लाख, किसी के 80 लाख, किसी ने आठ लाख तो कोई एक करोड़ ऐसे कई बड़ी रकम निवेश करने की जानकारी दी। बहरहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
विश्वास में लेने दिया था एग्रीमेंट व चेक
पुलिस के अनुसार आरोपित विक्रम शाह ने रुपये जमा करने वाले निवेशकों को बकायदा एग्रीमेंट व चेक भी दिया था, ताकि भविष्य में गड़बड़ी होने पर रुपये चेक के माध्यम से ले सके। उसके फरार होने के बाद बकायदा कई लोगों ने बैंकों में चेक भी लगाया, लेकिन बाउंस हो गया। उसके खाते में सिर्फ 19 से 20 रुपये ही मिला, इससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई।
रुपये कमाने कईयों को फंसाया अन्य लोगों ने
आरोपित विक्रम शाह निवेश कराने के लिए बकायदा लोगाें की टीम तैयार कर रखा था। उसके साथ कई लोग जुड़े थे, जिसे उसने विश्वास में लेकर पहले उनसे लाखों व करोड़ों रुपये जमा कराया। इन लोगों को जब रुपये मिलने लगा, तो टीम के सदस्यों ने दो प्रतिशत ब्याज कमीशन कमाने के लालच में अपने पहचान वाले व रिश्तेदारों के लाखों रुपये जमा कराया। इन लोगों को शुरूआत में पैसा मिलने लगा, लेकिन जब रुपये मिलना बंद हुआ और उनके साथ ठगी होने की जानकारी हुई, तो अब रुपये कराने माध्यम बनने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि अब उन्हें ही रुपये वापस कराने लोग तंगा रहे हैं। टीम के लोगों की शिकायतें थाना तक पहुंच रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

