home page

बिहार: स्कूल के दिवार के गेट पर बदमाशों ने मारी 22 गोली,50 लाख की रंगदारी का पर्चा चस्पाया

 | 
बिहार:  स्कूल के दिवार के गेट पर बदमाशों ने मारी 22 गोली,50 लाख की रंगदारी का पर्चा चस्पाया


मुजफ्फरपुर 13 सितंबर (हि.स.)। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के समीप रविवार की अहले सुबह बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने अंधाधुंध ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई इस गोलाबारी के दौरान बदमाशों ने करीब 22 राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा और स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल कायम हो गया।

घटना की भयानकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले विद्यालय के मुख्य द्वार पर एक धमकी भरा पर्चा चिपकाया। इस पर्चे में स्कूल प्रशासन से 50 लाख रुपये की रंगदारी (लेवी) की मांग की गई है। अपराधियों ने पर्चे में स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने की स्थिति में स्कूल प्रशासन को गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। वारदात के बाद स्थानीय लोगों के एकत्र होने से पहले ही नकाबपोश बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और कांटी थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए जमीन पर बिखरे कई खोखे बरामद किए हैं। छानबीन के दौरान स्कूल की बाउंड्री वॉल, दीवार और गेट पर गोलियों के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। पुलिस द्वारा स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें हेलमेट पहने दो बाइक सवार युवक साफ नजर आ रहे हैं। फुटेज में दिखा कि दोनों युवकों ने पहले गेट पर 50 लाख की रंगदारी वाला पर्चा चिपकाया और फिर स्कूल के इर्द-गिर्द घूम-घूमकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।

एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि अपराधियों के आने और भागने के रास्तों को चिन्हित करने के लिए आसपास के तमाम इलाकों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस रंगदारी के साथ-साथ स्कूल के संभावित जमीनी विवाद सहित अन्य सभी बिंदुओं पर भी गहराई से जांच में जुटी है। एसडीपीओ ने दावा किया कि संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी