home page

टेंपो स्टैंड में छिपे हथियारबंद युवक को पुलिस ने दबोचा, दो देसी कट्टा और पिस्टल मैगजीन बरामद

 | 
टेंपो स्टैंड में छिपे हथियारबंद युवक को पुलिस ने दबोचा, दो देसी कट्टा और पिस्टल मैगजीन बरामद


भागलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत पीरपैंती थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो देसी कट्टा और एक पिस्टल की मैगजीन बरामद की गई है।

मामले की जानकारी देते हुए स्नेहा सेतु सीडीपीओ ने सोमवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पीरपैंती स्टेशन के पास सुंदरपुर स्थित टेंपो स्टैंड में एक युवक किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की नीयत से हथियार लेकर घूम रहा है।

सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस और सशस्त्र बल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा और टेंपो स्टैंड में खड़ी एक खाली टेंपो के भीतर जाकर छिप गया।

पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए टेंपो की घेराबंदी की और युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान पीरपैंती थाना क्षेत्र के ग्राम मधुवन टोला निवासी प्रिंस कुमार यादव (25 वर्ष), पिता कंकड़ यादव के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान युवक की कमर के बाएं हिस्से से एक देसी कट्टा और कमर के पीछे से एक पिस्टल की मैगजीन बरामद हुई। हालांकि, मैगजीन को अनलोड करने पर उसमें कोई गोली नहीं मिली।

पुलिस ने हथियारों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार प्रिंस कुमार यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी दो मामले दर्ज हैं। इस मामले में पीरपैंती थाना कांड संख्या 402/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर