लूट कांड का खुलासा, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ एक अपराधी गिरफ्तार
भागलपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र में हुए लूट कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार किया है जिसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
उक्त आशय की जानकारी शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने दी। एसएसपी ने बताया कि बीते 4 अप्रैल 2026 को शाहकुंड थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 8 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस कांड के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त एक आरोपी सतन कुमार यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

