home page

15 हजार का इनामी बदमाश अशरफ भागलपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

 | 
15 हजार का इनामी बदमाश अशरफ भागलपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार


भागलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)।

भागलपुर रेलवे स्टेशन के एलसी गेट के पास बुधवार को जिला एसटीएफ और रेल जीआरपी थाना की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 15,000 के इनामी अपराधी अशरफ को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अशरफ कुख्यात नाड़ा मियां का मुख्य सहयोगी रहा है और लंबे समय से कई संगीन आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था। अशरफ की गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नसीम अहमद की ओर से भी लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

इसी बीच पुलिस को उसके एलसी गेट के पास मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही जीआरपी और एसटीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को धर-दबोचा।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अशरफ के खिलाफ अवैध हथियार रखने और तस्करी से जुड़े मामलों सहित कई अन्य आपराधिक केस दर्ज हैं। वह क्षेत्र में छिनतई, चोरी और लूटपाट जैसी घटनाओं में भी वांछित था।

पुलिस को आशंका है कि वह अपना एक सक्रिय गिरोह बनाकर रेलवे स्टेशन परिसर और चलती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तारी के बाद जीआरपी और एसटीएफ की टीम अशरफ को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधिकारी उसके पूरे आपराधिक इतिहास को खंगाल रहे हैं। साथ ही, उसके गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों और मददगारों के बारे में भी सुराग जुटाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मिले इनपुट्स के आधार पर आगे की छापेमारी और कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर