home page

अपराधियों की धरपकड़ अभियान में तेजी, पश्चिम पुलिस ने 134 लोगों पर की कार्रवाई

 | 
अपराधियों की धरपकड़ अभियान में तेजी, पश्चिम पुलिस ने 134 लोगों पर की कार्रवाई


अपराधियों की धरपकड़ अभियान में तेजी, पश्चिम पुलिस ने 134 लोगों पर की कार्रवाई


अपराधियों की धरपकड़ अभियान में तेजी, पश्चिम पुलिस ने 134 लोगों पर की कार्रवाई


रायपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस के पश्चिम क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 134 आरोपितों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। अभियान के दौरान फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों की तामिली, नशे के कारोबारियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन और सतत मॉनिटरिंग में 24 जुलाई 2026 से पश्चिम क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।

मंगलवार को पुलिस ने बताया कि, अभियान के दौरान 37 गुंडा और निगरानी बदमाशों की जांच की गई। इनमें से तीन बदमाशों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं न्यायालय से जारी लंबित वारंटों के त्वरित निष्पादन के तहत कुल 37 वारंटों की तामिली की गई, जिसमें 9 स्थायी वारंट और 28 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।

नशे के अवैध कारोबार पर भी पुलिस ने शिकंजा कसते हुए आबकारी अधिनियम के तहत सात आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा चाकूबाजी और हथियारबाजी में संलिप्त सात लोगों की जांच की गई, जिनमें से तीन चाकूबाजों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों में शामिल 50 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों, फरार आरोपियों, वारंटियों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर