home page

जबलपुर : छिवला गांव में मामूली बात पर खूनी संघर्ष, युवक की हत्या

 | 
जबलपुर : छिवला गांव में मामूली बात पर खूनी संघर्ष, युवक की हत्या


जबलपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गौरीघाट थानांतर्गत छिवला गांव में बच्चों के सामने गंदी गालियां देने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। सामुदायिक भवन के सामने हुई इस झड़प में दबंगों ने आपसी रंजिश के चलते एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।

पीड़ित महिला आशा ने बताया कि सोमवार को नरू और गुल्लू नामक युवकों द्वारा लगातार उल्टी-सीधी गालियां दी जा रही थीं, जिससे आसपास मौजूद बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा था। जब आशा के देवर रंजीत ने आरोपियों को समझाने की कोशिश की कि वे घर के पास ऐसी भाषा का प्रयोग न करें, तो बात और बिगड़ गई। आरोपियों को यह नागवार गुजरा और उन्होंने गुस्से में आकर रंजीत को अपना निशाना बना लिया। गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया और दबंगों ने उस पर हमला कर दिया।

इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और न्याय की गुहार लगा रहा है। पुलिस इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। गांव में हुई इस तरह की मारपीट और हत्या से स्थानीय लोगों के बीच भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक