जबलपुर : घर में घुसकर तोड़फोड़ और चाकूबाजी, 15-20 बदमाशों पर आरोप
जबलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में आधारताल थाना क्षेत्र के आयशा नगर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 15 से 20 बदमाशों द्वारा एक घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और चाकूबाजी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने घर के बाहर खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की और घर में रखे रुपये लेकर फरार हो गए।
घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी है।
पीड़ितों के मुताबिक, देर रात हथियारों से लैस बदमाशों का समूह आयशा नगर स्थित उनके घर पहुंचा। आरोपितों ने पहले घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जबरन घर के अंदर घुस गए और सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने घर में रखे कुछ रुपये भी अपने साथ ले गए।
परिवार के सदस्यों ने जब इस घटना का विरोध किया तो आरोपितों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में शेख अहमद घायल हो गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार देर रात आधारताल थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
घायल शेख अहमद ने बताया कि उनका परिवार हाल ही में इस क्षेत्र में रहने आया है और उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है। इसके बावजूद बदमाशों ने घर में घुसकर हमला किया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हमले और लूट की घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

