जबलपुर में प्रॉपर्टी डीलर के सूने घर में चोरी, जेवर और एक लाख नकद ले गए चोर
जबलपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में माढ़ोताल थाना क्षेत्र के ग्राम सूखा में प्रॉपर्टी डीलर सुशील सेन के सूने घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के वक्त उनकी मां अस्पताल में भर्ती थीं और सुशील उनकी देखभाल में व्यस्त थे।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि सुशील की मां विमला सेन घर में अकेली रहती थीं। करीब 20 दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर पेटी और सूटकेस में रखे सोने के हार, झुमकी, चेन, अंगूठियां, कंगन, चांदी के कड़े, पायल और बिछिया समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
वारदात के बाद चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर उनकी हार्डडिस्क भी ले गए। सुबह किराएदार ने ताला टूटा देखा तो सुशील को सूचना दी। शाम को घर पहुंचने पर उन्हें चोरी का पता चला।
सूचना मिलने पर माढ़ोताल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

