जबलपुरः कुख्यात गैंगस्टर छोटू चौबे का पिता गिरफ्तार, दो लोडेड पिस्टल बरामद
जबलपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आतंक का पर्याय बने कुख्यात बदमाश छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे के पिता और 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी शेखर चौबे को जबलपुर क्राइम ब्रांच ने टीकमगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने शेखर चौबे की तलाशी ली तो उसके कब्जे से दो लोडेड पिस्टल बरामद हुईं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि शेखर चौबे टीकमगढ़ में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर टीम टीकमगढ़ पहुंची और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पिस्टल बरामद होने के बाद पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि पूर्व में हुई कार्रवाई की जांच में सामने आया था कि शेखर चौबे ने फरार आरोपी शेख आदिल को छिपने के लिए अपना मकान उपलब्ध कराया था और उसे संरक्षण दिया था। इसी मकान से पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए थे।
पुलिस के अनुसार शेख आदिल के खिलाफ अनिराज नायडू हत्याकांड और ग्वारीघाट में जानलेवा हमले सहित कई मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे शेख आदिल को पुलिस ने लार्डगंज थाना क्षेत्र की भूलन बस्ती में एक मकान के कमरे के लॉफ्ट में छिपे होने के दौरान गिरफ्तार किया था।
उसके कब्जे से पुलिस ने 3 देशी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 4 कट्टे, 2 एयर गन, 54 जिंदा कारतूस, 68 खाली खोखे और 23 मोबाइल फोन समेत बड़ी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किया था।
इस मामले में पुलिस ने शेख आदिल, शेखर चौबे, छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे और बाबू सिंधी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया था।
पुलिस जांच के अनुसार शेख आदिल को छोटू चौबे गैंग का सक्रिय सदस्य बताया गया है। जांच में यह भी सामने आया था कि अनिराज नायडू हत्याकांड में छोटू चौबे के कहने पर आदिल ने हत्या को अंजाम दिया। इसके अलावा रतन यादव पर गोली चलाने वाले शूटरों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने में भी छोटू चौबे और शेख आदिल की भूमिका सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

