रायपुर : लगातार अपराध में शामिल बदमाश हेमंत साहू जिला बदर
रायपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल बदमाश हेमंत साहू के खिलाफ रायपुर पुलिस ने शुक्रवार को जिला बदर की कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत यह आदेश जारी किया है।
पुलिस के अनुसार, खमतराई क्षेत्र के रहने वाले 25 वर्षीय हेमंत साहू के खिलाफ वर्ष 2016 से लगातार आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, मारपीट, आबकारी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ पहले भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया।
पुलिस जांच और रिकॉर्ड के आधार पर हेमंत साहू को दो माह के लिए रायपुर सहित दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का आदेश दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

