जबलपुर : नाबालिग छात्रा से अश्लील चैटिंग का आरोप, शिक्षक फैजान हुसैन गिरफ्तार
जबलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में 17 वर्षीय छात्रा से कथित अश्लील चैटिंग और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। गौर चौकी क्षेत्र से जुड़े इस मामले में परिजनों की शिकायत पर गोराबाजार पुलिस ने तिलहरी निवासी शिक्षक सैयद फैजान हुसैन को देर रात गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मध्य प्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम और आईटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब मोबाइल चैट सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, शिक्षक फैजान ने छात्रा का मोबाइल नंबर लिया था। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू हुई। परिवार का आरोप है कि शुरुआती बातचीत के बाद चैटिंग का स्वरूप कथित तौर पर आपत्तिजनक हो गया। परिजनों ने शिक्षक पर छात्रा को अश्लील संदेश भेजने, निजी तस्वीरें मांगने और वीडियो भेजने के आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद छात्रा के परिजन हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और देर रात आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों ने शिक्षक पर छात्रा को धर्म परिवर्तन के लिए प्रभावित करने और दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। परिवार की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में कथित अश्लील बातचीत के साथ धर्म परिवर्तन से संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल चैट की जांच के दौरान शिक्षक का मोबाइल नंबर दूसरे नाम से सेव होने की बात सामने आई है। हालांकि, इस तथ्य और धर्म परिवर्तन के आरोपों से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच अभी जारी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है।
गोराबाजार पुलिस ने आरोपित सैयद फैजान हुसैन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मध्य प्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मोबाइल फोन में मौजूद चैट, संदेश, तस्वीरों और वीडियो सहित अन्य डिजिटल सामग्री की जांच कर रही है।
जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि छात्रा और शिक्षक के बीच बातचीत कब से हो रही थी तथा कथित आपत्तिजनक सामग्री किस प्रकार भेजी गई। पुलिस द्वारा जुटाए जा रहे डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश देखा गया। कार्यकर्ता छात्रा के परिजनों के साथ थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थाने में प्रदर्शन भी किया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। छात्रा से कथित अश्लील चैटिंग, निजी तस्वीरें मांगने और धर्म परिवर्तन के दबाव से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

