home page

जबलपुर में कॉम्बिंग गश्त: वर्षों से फरार आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई, 263 वारंट तामील

 | 
जबलपुर में कॉम्बिंग गश्त: वर्षों से फरार आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई, 263 वारंट तामील


जनलपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने शनिवार मध्यरात्रि के बाद रविवार सुबह तक व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई।

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी सहित सभी नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिलेभर में दबिश देकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ करते हुए कुल 263 वारंट तामील किए गए। इनमें 131 गैर-म्यादी वारंट, 77 गिरफ्तारी वारंट और 55 जमानती वारंट शामिल हैं।

इनमें से कई आरोपी वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर थे, जिन्हें अब गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

अभियान के तहत अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था, जिनका नेतृत्व थाना प्रभारी, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया। इन टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी बेहद जरूरी थी और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

इसके अलावा गश्त के दौरान सक्रिय बदमाशों की निगरानी की गई, देर रात आवागमन करने वालों से पूछताछ की गई और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन चेकिंग की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक