जबलपुर : आधारताल के ऐतिहासिक पंचमठा मंदिर में चोरी, ताले तोड़कर दानपेटी से नकदी ले गए चोर, सीसीटीवी में भी तोड़फोड़
जबलपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। आधारताल थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक और प्रसिद्ध पंचमठा मंदिर में अज्ञात चोरों ने देर रात चोरी और तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दानपेटी से नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, वारदात के सबूत मिटाने के लिए मंदिर परिसर में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे अज्ञात चोरों ने मंदिर के ताले तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दानपेटी को निशाना बनाया और उसमें रखी नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोरों ने मंदिर के अंदर रखी अलमारी भी खंगाली, जिससे सामान अस्त-व्यस्त मिला।
वारदात को छिपाने की कोशिश में बदमाशों ने मंदिर परिसर में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार सुबह फॉरेंसिक टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
अधारताल सीएसपी राजेश्वरी कौरव के मुताबिक, मंदिर प्रशासन से चोरी हुई नकदी और सामान का पूरा ब्योरा मांगा गया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सुरागों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

