जबलपुर : दिनदहाड़े गोलियों से गूंजा भोला नगर, युवक की हत्या, साथी गंभीर घायल
जबलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। प्रेमसागर क्षेत्र के भोला नगर में शनिवार शाम दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर करण पावड़े नामक युवक की हत्या कर दी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5 बजे प्रेमसागर निवासी करण पावड़े अपने साथी के साथ भोला नगर चौराहे के पास खड़ा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे और करण को निशाना बनाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई।
गोली चलाने के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए। उनके जाने के बाद स्थानीय लोगों ने करण को सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस और प्रेमसागर चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल करण को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल युवक का उपचार जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों और उसके परिचितों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे के कारण और हमलावरों की पहचान पता लगाने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद प्रेमसागर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

