जबलपुर : शराब के नशे में श्रमिकों से मारपीट, दहशत में भागे मजदूर
जबलपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के बिलहरी क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन राजुल टाउनशिप परिसर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने तीन आदिवासी श्रमिकों के साथ मारपीट कर दी। अचानक हुए हमले में तीनों श्रमिक घायल हो गए। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद अन्य मजदूर दहशत में अपनी जान बचाकर भागने लगे। पीड़ित श्रमिकों की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मारपीट में घायल तीनों श्रमिक मूल रूप से सागर जिले के रहने वाले हैं। वे रोजगार के लिए जबलपुर आए थे और बिलहरी स्थित निर्माणाधीन राजुल टाउनशिप में मजदूरी कर रहे थे। मंगलवार रात काम समाप्त होने के बाद तीनों परिसर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान टाउनशिप में रहने वाला बॉबी अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और श्रमिकों से विवाद करने लगा।
बताया गया है कि आरोपितों ने पहले श्रमिकों के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद विवाद बढ़ने पर तीनों को घेर लिया और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने श्रमिकों के सिर, हाथ, पैर और पीठ पर वार किए। अचानक हुए हमले से श्रमिकों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे घायल हो गए।
मारपीट के दौरान श्रमिकों की चीख-पुकार सुनकर निर्माण परिसर में मौजूद दूसरे मजदूरों में भी दहशत फैल गई। घटना को लेकर कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। भयभीत होकर कई श्रमिक अपनी सुरक्षा के लिए वहां से भाग गए। मारपीट करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
घायल श्रमिक किसी तरह पुलिस थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद तीनों घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से जुड़े आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने नामजद आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद निर्माणाधीन टाउनशिप में रहने वाले अन्य श्रमिकों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मजदूरों ने प्रशासन से निर्माण स्थल पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही मारपीट में शामिल आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

