home page

जबलपुर : युवक पर जानलेवा हमला, डॉक्टर पर गुंडे भेजने और धमकी देने का आरोप

 | 
जबलपुर : युवक पर जानलेवा हमला, डॉक्टर पर गुंडे भेजने और धमकी देने का आरोप


जबलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में गढ़ा थाना क्षेत्र के के.जी. बोस नगर स्थित डॉ. मुखर्जी अस्पताल में कमरा खाली कराने को लेकर रविवार को कुछ लोगों ने कमरे में घुसकर युवक के साथ मारपीट कर दी। हमले में 26 वर्षीय दीपक बेन गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर गढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

अस्पताल में उपचाररत दीपक बेन, निवासी के.जी. बोस नगर, ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी नानी पिछले करीब 40 वर्षों से डॉ. मुखर्जी के यहां काम करती थीं। दीपक के मुताबिक, उनकी वर्षों की सेवा से संतुष्ट होकर डॉक्टर ने अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर रहने के लिए एक कमरा दिया था। साथ ही भविष्य में अलग मकान बनाकर देने की बात भी कही गई थी।

दीपक का आरोप है कि करीब एक साल से डॉक्टर की ओर से कमरा खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था। जब उसने और उसकी नानी ने पुरानी सेवा तथा मकान देने के वादे का हवाला दिया, तो विवाद बढ़ गया। पीड़ित का आरोप है कि डॉक्टर ने कथित तौर पर कमरा खाली नहीं करने पर बाहरी लोगों को बुलाकर सामान बाहर फिंकवाने और जान से मरवा देने की धमकी दी।

पीड़ित के अनुसार रविवार को बड़ी ओमती निवासी बाबा भाईजान अपने कुछ साथियों के साथ उसके कमरे में जबरन घुस आया। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए कमरे का सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। दीपक ने इसका विरोध किया और डॉक्टर से सीधे बात करने की बात कही।

आरोप है कि दीपक के विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। गढ़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक