home page

जबलपुर : बारूद कांड के आरोपी शमीम कबाड़ी को फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने के मामले में किया गिरफ्तार

 | 
जबलपुर : बारूद कांड के आरोपी शमीम कबाड़ी को फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने के मामले में किया गिरफ्तार


जबलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में

खजरी खिरिया बायपास स्थित रजा मेटल इंडस्ट्री के कबाड़खाने में हुए भीषण विस्फोट के मामले में नामजद शमीम कबाड़ी उर्फ शमीम खान को पुलिस ने कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के मामले में गुरुवार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शमीम ने नागपुर के पते से जुड़े दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पासपोर्ट बनवाया था।

पुलिस अब दस्तावेजों के स्रोत और पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के अनुसार, पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि शमीम के कथित फर्जी पहचान और निवास संबंधी दस्तावेज किसने तैयार किए थे। पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया में किन लोगों ने सहयोग किया और संबंधित दस्तावेज कहां से जुटाए गए, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

गौरतलब है कि 25 अप्रैल 2024 को खजरी खिरिया बायपास रोड स्थित रजा मेटल इंडस्ट्री के कबाड़खाने में भीषण विस्फोट हुआ था। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि कबाड़खाने को भारी नुकसान पहुंचा था। इस मामले में शमीम कबाड़ी का नाम सामने आया था। उसकी तलाश के दौरान पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बारूद कांड के बाद शमीम का पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था। इसके बाद उसने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नागपुर के पते से पासपोर्ट बनवाया। फरारी के दौरान उसके दुबई में छिपे होने की जानकारी भी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस संबंधित दस्तावेजों और रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है।

जांच का मुख्य फोकस कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों, पासपोर्ट आवेदन में शामिल लोगों और पूरी प्रक्रिया में उनकी भूमिका का पता लगाने पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक