जबलपुर : दुर्घटनाग्रस्त कार से 100 पॉव शराब बरामद, पनागर के जंगल में अवैध शराब फैक्टरी पकड़ी
जबलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी मात्रा में शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला लाहन बरामद किया गया। पाटन में डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई कार की तलाशी में 19 कार्टून में 100 पॉव देशी शराब मिली, जबकि पनागर के ककरहाई जंगल में चल रही अवैध शराब फैक्टरी पर दबिश देकर 800 किलो लाहन नष्ट किया गया।
बुधवार को पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार पाटन क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास कार क्रमांक एमपी 04 सीबी 0458 डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की से 19 कार्टून में रखी 100 पॉव देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और कार जब्त कर फरार कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है।
इधर, पनागर पुलिस ने ग्राम ककरहाई के जंगल में घेराबंदी कर अवैध शराब बनाने के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर शराब बनाने की सामग्री और लाहन मिला। कार्रवाई के दौरान सूरज केवट को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 800 किलो लाहन नष्ट किया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

