home page

जबलपुर: दूध लेने निकले युवक को घेरा, रुपये नहीं देने पर चाकुओं से हमला

 | 
जबलपुर: दूध लेने निकले युवक को घेरा, रुपये नहीं देने पर चाकुओं से हमला


जबलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के अधारताल थाना क्षेत्र की सुभाष नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुधवार को तीन युवकों ने दूध लेने जा रहे एक युवक को रास्ते में रोककर रुपयों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपितों ने युवक के साथ मारपीट की और चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में युवक के पैर, जांघ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद तीनों आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार शुभेन्दु गर्ग बुधवार को घर से मिश्रा डेयरी दूध लेने के लिए निकला था। वह कॉलोनी के गेट के पास पहुंचा ही था कि राजकुमार चौधरी, उदय पाण्डे और आकाश तिवारी ने उसका रास्ता रोक लिया। तीनों ने शुभेन्दु से रुपये मांगे। उसके रुपये देने से इनकार करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बताया गया है कि शुभेन्दु ने आरोपितों का विरोध करते हुए खुद को बचाने का प्रयास किया। इस पर तीनों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से हमला कर दिया। हमले के दौरान चाकू लगने से उसके पैर, जांघ और कमर में गंभीर चोटें आईं। घायल शुभेन्दु कुछ ही देर में मौके पर गिर पड़ा।

युवक पर चाकुओं से हमला किए जाने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। शोर सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायल युवक को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले में राजकुमार चौधरी, उदय पाण्डे और आकाश तिवारी के खिलाफ धारा 296, 119(1), 115(2), 118(1) और 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

वारदात के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपितों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात के अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक