जबलपुरः अधिवक्ता पर बदमाशों का हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
जबलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार-सोमवार की दरमियानी देर रात बदमाशों ने जनकल्याण संघ के कोषाध्यक्ष अधिवक्ता रॉबिन जैन पर हमला कर दिया। अधिवक्ता को गंभीर हालात में विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनकी हालत गम्भीर है।
जानकारी के अनुसार, पंजाब बैंक कॉलोनी में चौकसे डेयरी के पास अधिवक्ता रॉबिन जैन के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। फिलहाल हमलावरों की पहचान विजय सिंह ठाकुर, गुड्डू ठाकुर, अंकुर पाण्डे के रूप में हुई है। अधिवक्ता का आरोप है कि आरोपियों ने जोकि पूर्व में परिचित थे फोन कर कर बुलाया एवं रूपयों की मांग की। जब अधिवक्ता ने देने से मना किया तो उस पर माउजर तान दी। इसके साथ जब विरोध किया तो तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल अधिवक्ता साथी की खबर लगते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता गण कोतवाली थाने पहुंचे। अधिवक्ताओं का आरोप है राजनीतिक दबाव के चलते मामला दर्ज करने में हीला हवाली की गई। अधिवक्ताओं द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत के बाद काफी देर बाद हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं पर मामला दर्ज किया गया।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। इस गम्भीर घटना के बाद जन कल्याण संघ के पदाधिकारी के साथ अधिवक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

