home page

नशे के खिलाफ जयपुर पुलिस का बड़ा अभियान: एरिया डोमिनेशन अभियान में 558 अपराधी गिरफ्तार

 | 
नशे के खिलाफ जयपुर पुलिस का बड़ा अभियान: एरिया डोमिनेशन अभियान में 558 अपराधी गिरफ्तार


जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन करने वालों के खिलाफ जयपुर पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष “एरिया डोमिनेशन” अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में कुल 558 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन में स्पेशल पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओम प्रकाश के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन के सुपरविजन में शहर के चारों जिलों—पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण में यह अभियान संचालित किया गया।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि यह अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 55 प्रकरण दर्ज कर 54 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य मामलों में 32 आरोपिताें को पकड़ा गया। इसके अलावा लंबित मामलों में वांछित 4 आरोपिताें सहित कुल 90 अपराधियों को दबोचा गया।

पुलिस ने अभियान के दौरान 73 स्थायी वारंटी, पीओ और गिरफ्तारी वारंटियों के साथ 8 इनामी अपराधियों सहित कुल 81 अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं बीएनएसएस की धारा 170 के तहत 387 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इस विशेष अभियान के लिए 274 पुलिस टीमों का गठन कर 1020 स्थानों पर दबिश और सघन चेकिंग की गई। संवेदनशील इलाकों, सार्वजनिक स्थानों, किराए के मकानों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी गई।

जयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश