home page

हिस्ट्रीशीटर माजिद उर्फ मूसा गिरफ्तार: आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 21 आपराधिक प्रकरण

 | 
हिस्ट्रीशीटर माजिद उर्फ मूसा गिरफ्तार: आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 21 आपराधिक प्रकरण


जबलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर मेंं कारोबारियों से अवैध वसूली और रंगदारी मांगने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला ओमती थाना क्षेत्र के नया मोहल्ला स्थित हुसैन चौक का है, जहां एक हिस्ट्रीशीटर ने चाय-नाश्ते की दुकान संचालक से एक लाख रुपये गुंडा टैक्स की मांग की। रकम देने से इनकार करने पर आरोपी ने दुकानदार और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दुकान बंद करा दी। रविवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी माजिद खान उर्फ मूसा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, नया मोहल्ला निवासी 64 वर्षीय महफूज रहमान हुसैन चौक पर चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई कि मोहल्ले का रहने वाला माजिद खान उर्फ मूसा पिछले 10-15 दिनों से उनकी दुकान से बिना पैसे दिए सामान ले जा रहा था। इसके साथ ही दुकान संचालित करने के एवज में एक लाख रुपये गुंडा टैक्स की मांग कर रहा था। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।

शिकायत के अनुसार, रविवार को आरोपी दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए एक लाख रुपये की मांग करने लगा। महफूज रहमान ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और दुकान बंद करा दी। इस दौरान पिता को बचाने पहुंचे बेटे जुनैद खान के साथ भी मारपीट कर आरोपी मौके से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तलाश कर आरोपी माजिद खान उर्फ मूसा (43), निवासी नया मोहल्ला, ओमती को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ओमती थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें अवैध वसूली, रंगदारी, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार रखने, जुआ खेलने और खिलाने, घर में घुसकर हमला करने, जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने तथा गांजे की अवैध खरीद-बिक्री जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

ओमती थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 624/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 308(5), 296(ए), 351(2) और 119(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल, निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक मयंक यादव, सहायक उप निरीक्षक कुंजबिहारी, प्रधान आरक्षक राम सिंह परते, देवेन्द्र उपाध्याय, संतोष, रिम बहादुर तथा आरक्षक सुजीत और अनुराग की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक