home page

मुरादाबाद के कंबल व्यवसायी पर जानलेवा हमला, सिर पर पत्थर से किया वार, पटना रेफर

 | 
मुरादाबाद के कंबल व्यवसायी पर जानलेवा हमला, सिर पर पत्थर से किया वार, पटना रेफर


नवादा, 16 नवंबर (हि.स.)।

शहर में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। रविवार की देर रात जिलाधिकारी आवास से 100 मीटर दूर डाकबंगला के समीप उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से आए कंबल व्यवसायी मोहम्मद फहीम पर अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया।

अपराधियों ने पत्थर से उनके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या करने का प्रयास किया। इस हमले में व्यवसायी गंभीर रूप से जख्मी होकर बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल नवादा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। फिलहाल उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह जानकारी नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उमाशंकर सिंह ने सोमवार को दिया है। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। हालांकि, घटना के बाद अब तक किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं होने से बाहर से आए व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है।

बताया जाता है कि मुरादाबाद सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में व्यवसायी सर्दी के मौसम में कंबल और गर्म कपड़ों का कारोबार करने नवादा पहुंचते हैं। ऐसे कारोबारी शहर के विभिन्न स्थानों पर अस्थायी रूप से दुकान लगाकर अपना व्यवसाय करते हैं। इस घटना ने उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

व्यवसायियों का कहना है कि यदि शहर के प्रमुख स्थानों पर भी बाहर से आए कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो वे अपना कारोबार कैसे कर पाएंगे। उन्होंने नवादा के पुलिस अधीक्षक से घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा बाहर से आए व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस गश्ती की व्यवस्था करने की मांग की है।

व्यवसायियों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। इस घटना के बाद शहर के व्यापारिक वर्ग में भी आक्रोश देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन