बिहार के सीवान में अवैध हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार
सीवान, 30 जून (हि.स.)। बिहार में सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 29 जून को जी.बी. नगर थाना पुलिस विधि-व्यवस्था संधारण एवं अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से गश्ती कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि माधोपुर स्थित निर्माणाधीन गंडक नहर पुल के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है।
एसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अरविन्द बिन्द, पिता चन्द्रबली बिन्द, निवासी माधोपुर, थाना जी.बी. नगर को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के क्रम में उसके पास से दो देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध जी.बी. नगर थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के तहत कांड दर्ज कर अग्रेतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध जी.बी. नगर एवं गोरेयाकोठी थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और शराबबंदी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में नौ मामले पूर्व से दर्ज हैं। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह सहित जी.बी. नगर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

