home page

पचास हजार रुपये का इनामी अपराधी गिरफ्तार

 | 
पचास हजार रुपये का इनामी अपराधी गिरफ्तार


नवादा,06 मई (हि.स.)। बिहार में नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के एक इनामी अपराधी को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने दी है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस अधीक्षक नवादा के निर्देश पर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पकरीबरावां के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं गुप्त सूचना के आधार पर 05/06 मई 2026 की रात छापेमारी कर आरोपी रघुनंदन महतो उर्फ रघवा, पिता रामप्रवेश महतो उर्फ सुभाष महतो, निवासी हबुनगर, थाना चंद्रदीप जिला जमुई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त कौआकोल थाना कांड संख्या-48/26,दिनांक 23 जनवरी 2026 में दर्ज हत्या एवं आर्म्स एक्ट मामले में वांछित था।

आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जिसे मानवीय एवं तकनीकी इनपुट, सूचना के आधार पर लक्खीसराय जिले के तेतरहाट थाना अंतर्गत मोहसीना गांव से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है तथा उसके विरुद्ध कौआकोल थाना के अलावे चन्द्रदीप थाना में विभिन्न मामलों में पूर्व से प्राथमिकी दर्ज है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पकरीबरावां राकेश कुमार भाष्कर,कौआकोल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह, तकनीकी शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर विकास चन्द्र यादव, एएसआई धनन्जय कुमार मिश्रा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन