छिनैती कांड का 20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
आरोपित के कब्जे से तमंचा, कारतूस और 20 हजार रुपये नकद बरामद
औरैया, 28 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना पुलिस ने छिनैती की घटना में वांछित चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा 20,230 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपित के खिलाफ आयुध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को वादी बृजेश कुमार गुप्ता निवासी बेला रोड दिबियापुर अपने गोदाम सहार से मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान असैनी बरू के बीच सफेद अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में लैपटॉप, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा एवं पिकअप के कागजात सहित दो दिन की कलेक्शन राशि रखी हुई थी।
घटना के संबंध में थाना दिबियापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों शिवम, आशीष कुमार और असद उर्फ पोपे को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। मामले में अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी थी।
इसी क्रम में रविवार तड़के थाना दिबियापुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वांछित इनामी अभियुक्त संजय उर्फ संजू उर्फ शुभम पुत्र शिव बालक निवासी गुलखरा (जीवा सिरसानी), थाना सहार, जनपद औरैया को असैनी पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा 20,230 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना दिबियापुर में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, अनिल कुमार एवं दिलीप शर्मा शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

