home page

घरघोड़ा में युवक की संदिग्ध मौत, गला रेतकर आत्महत्या की आशंका

 | 
घरघोड़ा में युवक की संदिग्ध मौत, गला रेतकर आत्महत्या की आशंका


रायगढ़, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 में 20 वर्षीय युवक अभिषेक विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने माैके से धारदार हथियार व मृतक का माेबाइल जब्त कर जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, घटना मंगलवार रात लगभग 10 बजे की है। शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि अभिषेक ने नारियल छीलने वाले बड़े धारदार चाकू से अपना गला रेत लिया। हालांकि घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध भी प्रतीत हो रहा है। कमरे का फर्श खून से लथपथ मिला है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड और चैट्स की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया या इसके पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी पुलिस बल के साथ बुधवार सुबह मौके पर पहुंचे। रायगढ़ से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी बुलाई गई है, जो घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और रक्त के नमूनों की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान