घर के अंदर फंदे से लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव
शिमला, 31 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के उपमंडल नेरवा के आरोग गांव में 19 वर्षीय युवक का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम को आरोग गांव निवासी मनोहर शर्मा ने मोबाइल फोन के माध्यम से थाना नेरवा में सूचना दी कि उनके गांव के रहने वाले मुनीश उर्फ सोनू (19 वर्ष), पुत्र दुलची राम ने अपने घर के अंदर फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि मौके पर मृतक के पिता दुलची राम की उपस्थिति में कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान युवक का शव कमरे के अंदर छत पर पंखे के लिए लगी लोहे की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

