शिमला : आंखों में मिर्च डालकर महिलाओं से स्नैचिंग, तीन वारदातों का आरोपी गिरफ्तार
शिमला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सुनसान रास्ता, अकेली महिला और अचानक आंखों में मिर्च पाउडर। महिला जब तक कुछ समझ पाती, आरोपी उसके कानों की बालियां या गले का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो जाता। शिमला जिला के कुमारसैन क्षेत्र में इस तरीके से महिलाओं को निशाना बनाकर की गई तीन स्नैचिंग की वारदातों को शिमला पुलिस ने सुलझाते हुए जम्मू-कश्मीर के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जेल सिंह (26) पुत्र करण सिंह, निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात से पहले इलाके की रेकी करता था और महिलाओं की आवाजाही पर नजर रखता था।
तीन वारदात, एक जैसा तरीका
कुमारसैन थाना क्षेत्र में पहली वारदात 31 अगस्त को जुब्बड़ के पास हुई। शिकायत के अनुसार, सीमा देवी रास्ते से जा रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और दोनों कानों की बालियां छीनकर फरार हो गया।
इसके बाद 14 सितंबर को कण्डयाली के पास इसी तरह की वारदात हुई। सुनो देवी की शिकायत के अनुसार आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च डालकर दोनों कानों की सोने की बालियां छीन लीं और मौके से भाग गया।
तीसरी वारदात 26 सितंबर को हुई। कनकु नाम की महिला ढाबा चलाती हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार तीन दिन तक उनके ढाबे पर आता रहा। 26 सितंबर को जब महिला अकेली थीं, आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और गले में पहना मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया।
तीनों घटनाओं की जांच में पुलिस को वारदात के तरीके में स्पष्ट समानता मिली। इससे पुलिस को इन घटनाओं के पीछे एक ही व्यक्ति के होने का सुराग मिला।
कई दिन पहले करता था इलाके की रेकी
जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात को अचानक अंजाम नहीं देता था। वह कई दिन पहले घटनास्थल और आसपास के इलाकों की रेकी करता था। इस दौरान वह महिलाओं की आवाजाही और उनके आने-जाने के रास्तों पर नजर रखता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ऐसे समय और स्थान का इंतजार करता था, जब महिला सुनसान या कम आवाजाही वाली पगडंडी पर अकेली हो। मौका मिलते ही वह आंखों में मिर्च पाउडर डालकर महिला को असहाय कर देता और उसके पहने हुए सोने के गहने छीनकर भाग जाता था।
पुलिस का कहना है कि तीनों वारदात में अपनाए गए एक जैसे तरीके से यह बात सामने आई कि घटनाओं को पहले से सोच-समझकर अंजाम दिया गया था। आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचता था और सुनसान स्थानों को चुनता था।
तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस से खुला मामला
कुमारसैन पुलिस ने तीनों घटनाओं को आपस में जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। वारदात के तरीके के विश्लेषण के साथ तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया गया। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन नूरपुर में मिली। इसके बाद नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस ने 5 अक्टूबर को जेल सिंह को हिरासत में लिया और उसे कुमारसैन थाना लाया गया। इसके बाद तीनों मामलों की पीड़िताओं और शिकायतकर्ताओं ने आरोपी की पहचान की।
चंबा में भी दर्ज है स्नैचिंग का मामला
पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध चंबा जिले के सिहुंता थाना में 5 मार्च 2026 को स्नैचिंग के मामले में अभियोग दर्ज है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह के अनुसार तीन अलग-अलग वारदातों को आपस में जोड़कर जांच करने, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली है। आरोपी को अब अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

