जबलपुरः जिला पंचायत कार्यालय में महिला परियोजना प्रबंधक से मारपीट, विभागीय जांच से नाराज पति ने किया हमला
जबलपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। जिला पंचायत कार्यालय में बुधवार दोपहर एक महिला अधिकारी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सहायक विकासखंड प्रबंधक के पति ने कार्यालय में घुसकर परियोजना प्रबंधक के साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मारे और लात से भी हमला किया। घटना के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, प्रबंधक बुधवार दोपहर करीब 12.15 से 12.30 बजे के बीच जिला पंचायत कार्यालय में अपने काम में व्यस्त थीं। इसी दौरान योगेश सोनी वहां पहुंचे और सीधे उनके पास जाकर विवाद करने लगे। आरोप है कि उन्होंने कुर्सी पर बैठी प्रबंधक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद एक कर्मचारी ने बीच-बचाव कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान योगेश ने महिला अधिकारी को लात भी मार दी।
प्रबंधक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि योगेश सोनी ने उनके साथ अभद्रता की और शासकीय कार्य में बाधा डाली। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह योगेश की पत्नी के खिलाफ एक विभागीय जांच कर रही हैं। इसी जांच को लेकर नाराजगी के चलते उनके पति ने कार्यालय पहुंचकर हमला किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि परियोजना प्रबंधक की लिखित शिकायत पर योगेश सोनी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

