शिमला : गांव की महिलाओं के जज्बे से अवैध शराब के कारोबार पर चोट, दो तस्कर काबू
शिमला, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र में महिलाओं की सतर्कता और साहस ने अवैध शराब तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश कर दिया। गांव झगटन के महिला मंडल की सदस्यों ने संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई में दो तस्करों को पकड़ा गया।
महिला मंडल झगटन की पहल पर गुरूवार देर शाम को थाना जुब्बल पुलिस टीम ने बडेश के पास एक कार (HP-01A-9727) को रोका, जो सवाड़ा बाजार की ओर से आ रही थी। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 7 पेटियों में कुल 84 बोतल अवैध देशी शराब बरामद हुई, जिनमें सुपर संतरा, नाटी नंबर-1 और संतरा नंबर-1 ब्रांड शामिल हैं।
मौके से पुलिस ने शेर सिंह (जिला देहरादून, उत्तराखंड) और इंद्र सिंह पंता (जिला शिमला) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस संबंध में थाना जुब्बल में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम रही। उनकी जागरूकता और हिम्मत ने न सिर्फ अवैध कारोबार पर चोट की, साथ ही यह भी दिखाया कि समाज की सुरक्षा में स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं की भागीदारी कितनी जरूरी है। पुलिस ने भी महिलाओं के सहयोग की सराहना की है और मामले में आबकारी अधिनियम के तहत जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

