महिला से यौन उत्पीड़न और धमकी के आरोप में व्यक्ति पर केस दर्ज
शिमला, 08 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिला के चौपाल पुलिस थाने में एक 28 वर्षीय महिला की शिकायत पर यौन उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है।
शिकायत के अनुसार सितंबर 2025 में गांव चिल्ला निवासी दिला राम शर्मा ने महिला के साथ जबरदस्ती यौन उत्पीड़न किया। आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। नवंबर 2025 में आरोपी और उसके पुत्रों ने महिला से माफी मांगी तथा भविष्य में इस तरह का कोई कृत्य न करने का आश्वासन दिया।
मामले के अनुसार अगस्त 2026 में आरोपी ने महिला की इच्छा के विरुद्ध दोबारा यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि दिला राम शर्मा तथा उसके दो पुत्रों ने महिला, उसके पति और दो बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक घटना से संबंधित रिकॉर्डिंग पीड़िता के मोबाइल फोन में सुरक्षित है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और 351(2) के अंतर्गत दर्ज किया है और मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

