home page

शिमला : महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, कानों से सोने की बालियां छीनकर ले गया बदमाश

 | 
शिमला : महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, कानों से सोने की बालियां छीनकर ले गया बदमाश


शिमला, 15 सितंबर (हि.स.)। जंगल के सुनसान रास्ते में पैदल जा रही 61 वर्षीय महिला पर अचानक हमला कर उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया गया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले अज्ञात व्यक्ति उसके दोनों कानों से सोने की बालियां छीनकर वहां से भाग गया। घटना शिमला जिला के कुमारसैन थाना क्षेत्र में सामने आई है।

पुलिस के अनुसार घटना 14 सितंबर को दिन में करीब 11:45 बजे हुई। लटयाणा निवासी सुनो देवी पत्नी जिया लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कंडियाली बाजार से एनएच-05 सड़क की ओर से गांव जाने वाले रास्ते पर जंगल क्षेत्र से होकर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति अचानक उनके पास पहुंचा और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।

शिकायत के अनुसार आंखों में मिर्च पड़ते ही उस व्यक्ति ने महिला के दोनों कानों से सोने की बालियां जबरन छीन लीं और मौके से फरार हो गया। महिला ने पुलिस को बताया कि उस व्यक्ति ने सफेद चेकदार कमीज और काली पैंट पहन रखी थी। उसकी उम्र करीब 25 से 26 वर्ष बताई गई है।

पुलिस थाना कुमारसैन में 14 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक विद्या नंद प्रभारी पुलिस चौकी नारकंडा पुलिस थाना कुमारसैन कर रहे हैं। पुलिस अज्ञात व्यक्ति की पहचान और तलाश में जुटी है।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा