लापता महिला का खाई में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
शिमला, 27 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के तहत एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गांव कुन्नी की रहने वाली 45 वर्षीय कृष्णा देवी पत्नी दीवान सिंह गुरुवार सुबह से लापता थीं। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के बाद उनका शव गांव कुन्नी के पास एक गहरी खाई में दिखाई दिया, जिससे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार कृष्णा देवी सुबह अपने घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने उनकी खोज शुरू की। तलाश के दौरान उनका शव गांव के समीप गहरी खाई में पड़ा हुआ नजर आया। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी अनुसार जिस स्थान पर शव दिखाई दिया है, वहां का इलाका बेहद पथरीला और खतरनाक है। खाई गहरी होने और रास्ता कठिन होने के कारण शव को निकालना फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) से मदद मांगी है ताकि विशेषज्ञ टीम की सहायता से शव को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि शव को बाहर निकालने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

