शराब की बोतल के दाम को लेकर हुई मारपीट, कर्मचारी को बेलचे से किया घायल
सोलन, 04 सितंबर (हि.स.)। शहर के बीचों बीच पुराने उपायुक्त कार्यालय के समीप शराब के ठेके पर कार्यरत कर्मचारी की वीरवार रात करीब आठ बजे निर्मम पिटाई करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है । दोनों आरोपी सिरमौर के निवासी बताए गए हैं । जिन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा । वहीं बुरी तरह घायल हुए कर्मचारी को चंडीगढ़ पीजीआई इलाज के लिए भेजा गया है ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश शर्मा ने शुक्रवार को मॉल रोड पर हुई मारपीट वाले घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्रित किये गए हैं ।
बताते चलें कि पुराने उपायुक्त कार्यलय के समीप स्थित शराब के ठेके पर वीरवार रात दो युवक शराब लेने पहुंचे थे । लेकिन बोतल पर लिखे दाम को लेकर उनकी कर्मचारियों के साथ कहासुनी हुई । जिसके बाद ठेके से महज कुछ दूर भीड़भाड़ वाले मॉल रोड़ पर पहुचकर ठेके की बहस मारपीट में बदल गई और शराब ठेके के कर्मचारी को मिट्टी उठाने वाले बेलचे से सिर पर वार करके घायल कर दिया गया । जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए ।
स्थानीय निवासियों ने अपना कर्तव्य समझते हुए घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाया । साथ ही पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई । प्राथमिक उपचारबके बाद घायल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश शर्मा ने कहा कि घायल कर्मचारी कांगड़ा का निवासी है, जबकि दोनों आरोपी सिरमौर के रहने वाले हैं । घटना के तुरंत बाद ही सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है । वहीं घायल कर्मचारी के बयान अभी नहीं लिए जा सके हैं ।
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

