दो गाड़ियों से अवैध शराब और बीयर बरामद, केस दर्ज
शिमला, 13 जून (हि.स.)। शिमला जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है। शिमला पुलिस के अनुसार थाना नेरवा में शनिवार को हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गंगा राम और मंजीत नामक दो व्यक्तियों के वाहनों की तलाशी ली। गंगा राम गांव थुनारली, डाकघर बोहर, तहसील नेरवा, जिला शिमला का निवासी है, जबकि मंजीत गांव एवं डाकघर बोहर, तहसील नेरवा का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान वाहन संख्या HP63-9777 (इग्निस) और HP08B-0907 (ब्रेज़ा) से 48 बोतल अंग्रेजी शराब और 180 बोतल बीयर बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक बरामद शराब में 750 मिलीलीटर की रॉयल स्टैग ब्रांड की शराब और 650 मिलीलीटर की मीकिन्स 1000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर शामिल है।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
शिमला पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें इस तरह की किसी गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

