home page

जबलपुरः होटल में पत्नी को वकील के साथ देख भड़का पति, मारपीट और तीन तलाक देने का आरोप

 | 
जबलपुरः होटल में पत्नी को वकील के साथ देख भड़का पति, मारपीट और तीन तलाक देने का आरोप


जबलपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मदनमहल थाना क्षेत्र स्थित होटल टिकटिम में रविवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब फहीम (बदला हुआ नाम) ने अपनी पत्नी को एक वकील के साथ होटल में देख लिया। इसके बाद पति-पत्नी और वकील के बीच विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि गुस्साए फहीम ने होटल के बाहर पत्नी के साथ मारपीट की और उसे तीन तलाक दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

फहीम का कहना है कि उसका पत्नी के साथ पिछले करीब चार वर्षों से न्यायालय में विवाद चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि पत्नी का वकील उसे बहका रहा था और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। इसी संदेह के चलते वह होटल पहुंचा था, जहां पत्नी को वकील के साथ देखकर विवाद हो गया।

वहीं, वकील ने फहीम के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला उनकी क्लाइंट है और वे एक अन्य मामले में कानूनी चर्चा के लिए होटल में मिले थे। वकील का आरोप है कि फहीम पिछले दो वर्षों से उन पर झूठे आरोप लगा रहा है। उन्होंने बताया कि होटल के रिसेप्शन पर पहुंचते ही फहीम ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

होटल में हुए विवाद और हंगामे की सूचना पर मदनमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। फहीम ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक