शिमला : लाइसेंसी हथियार जमा न कराने वालों पर कार्रवाई, चिडग़ांव और रोहड़ू थानों में केस दर्ज
शिमला, 26 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के बीच शिमला जिला पुलिस ने लाइसेंसी हथियार जमा न कराने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला दंडाधिकारी के आदेशों के बावजूद कई शस्त्र धारकों द्वारा अपने हथियार पुलिस के पास जमा नहीं करवाए गए, जिसके बाद चिडग़ांव और रोहड़ू थानों में मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पंचायत और नगर निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के लिए जिला दंडाधिकारी ने सभी लाइसेंसी हथियार धारकों को अपने हथियार संबंधित थानों में जमा कराने के आदेश जारी किए थे। यह कदम चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया था।
चिडग़ांव थाना क्षेत्र में कुल 712 लाइसेंसी हथियार दर्ज हैं। इनमें से 667 हथियार ही पुलिस के पास जमा करवाए गए, जबकि बाकी हथियार धारकों ने आदेशों का पालन नहीं किया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (बी) और आयुध अधिनियम की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जिन्होंने अब तक अपने हथियार जमा नहीं करवाए हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, रोहड़ू थाना क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। यहां कुल 2,218 लाइसेंसी हथियार हैं, लेकिन केवल 1,746 हथियार ही जमा करवाए गए। बाकी हथियार धारकों द्वारा आदेशों की अनदेखी करने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (बी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संबंधित लोगों के खिलाफ आगे भी कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

